देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से आज लोक भवन में राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बोर्ड के सदस्यों ने दिव्यांगजनों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर राज्यपाल से चर्चा की।
बोर्ड के सदस्यों ने दिव्यांगजनों के अधिकारों, कल्याण, शिक्षा और रोजगार के साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राज्यपाल को दी। उन्होंने दिव्यांगजनों के हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं से भी अवगत कराया।
राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित और प्रभावी प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन सिंह, भरत सिंह और किशोर बहुगुणा मौजूद रहे।
